नई दिल्ली। बिटकॉइन के नाम पर देशभर के लोगों से निवेश कराकर दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी के आरोपी अमित भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायत दी है। रिपोर्ट में अमित का कहना है कि इंटरनेट कॉलिंग के जरिये उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर रुपये मांगे गए। अपनी पहचान उजागर नहीं करते हुए आरोपी ने तीन लोगों को रुपये देने के लिए कहा। पिछले साल भी उसने इसी तरह का मामला बिहार के किसी नेता के नाम पर दर्ज कराया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2014 में अमित भारद्वाज ने देशभर के निवेशकों को बिटकॉइन में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। उसने देशभर के करीब 8000 लोगों से 2000 करोड़ की ठगी की थी। बाद में न किसी को मुनाफा दिया और न ही लोगों की रकम वापस की। इस संबंध में पुणे, चंडीगढ़, दिल्ली और बंगलूरू में एफआईआर दर्ज की गई। जून 2018 में पुणे पुलिस ने अमित और उसके भाई विवेक भारद्वाज को आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। बाद में, वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने आरोपियों को चिकित्सीय आधार पर जमानत दे दी थी। इसके बाद अमित ने वर्ष 2020 में बिहार के किसी नेता पर धमकाकर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया।
अमित ने तब शिकायत पुलिस को दी थी। उस समय भी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं लगाया जा सका। आरोप है कि अब दोबारा किसी अज्ञात शख्स ने कॉल कर रंगदारी मांगी है। आरोपी ने अभी यह खुलासा नहीं किया था कि उसे कितनी रकम कहां देनी है।