लॉकडाउन टू में सोमवार से दिल्ली में भी छूट की अफवाह के बाद लोग सड़कों पर वाहनों के साथ नजर आए। करीब एक महीने से सुनसान पड़ी सड़कों पर गाड़ियां दिखनी शुरू हो गईं। दिल्ली सरकार ने रविवार को ही ऐसी कोई भी छूट देने से इनकार कर दिया था। इसका पालन कराते हुए पुलिस ने बगैर कर्फ्यू पास घरों से निकले लोगों को वापस कर दिया।
आईटीओ चौराहे पर सुबह 11 बजे अचानक गाड़ियों की भीड़ दिखी। ये वह लोग थे, जो हरियाणा के फरीदाबाद और गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। वाहनों की भीड़ देखते ही पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया और सभी गाड़ियों का पास चेक करना शुरू कर दिया।
पुलिस का कहना है कि दिल्ली में अभी लॉकडाउन में कोई ढील नहीं दी गई है। पुलिस ने लॉकडाउन में केवल उन लोगों को आगे जाने की इजाजत दी, जो आवश्यक कार्य से जुड़े हैं। बाकी वाहन चालकों को घर लौटा दिया गया।
साथ ही पुलिस ने कहा कि पहले की तरह ही चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसवाले बगैर जांच के किसी को आगे जाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं। उधर, सुबह के समय आईटीओ के अलावा लक्ष्मीनगर, अक्षरधाम, लाजपतनगर सहित कई इलाकों में गाड़ियों की भीड़ दिखी।