बवाना स्थित फैक्टरी में लगी लिफ्ट का तार टूटने से हुए हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। उसका भगवान महावीर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान लाल बहादुर (50) के रूप में हुई। पुलिस, लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर फैक्टरी मालिक विरेंद्र कुमार से पूछताछ कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लाल बहादुर बवाना के डीएसआईआईडीसी, सेक्टर-4 स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। हादसे में घायल हुए कर्मचारी मोनू ने पुलिस को बताया कि दो मंजिला फैक्टरी में बाइक की डिग्गी से संबंधित सामान बनता है। फैक्टरी में सामान ऊपर-नीचे लाने के लिए लिफ्ट लगी है।
रविवार रात वह लाल बहादुर के साथ लिफ्ट में मौजूदा था। तभी तार टूटने से लिफ्ट बेसमेंट में जा गिरी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। फैक्टरी मालिक के भाई नरेंद्र ने उन्हें भगवान महावीर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने लाल बहादुर को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि मृतक के सिर व पैरों में चोट लगने से अधिक खून बह गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।