कूचा मोहतर खां में मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
- फोटो : amar ujala
कश्मीरी गेट के कूचा मोहतर खां इलाके में रविवार देर रात वाहनों व मकानों में तोड़फोड़ और घरों में घुसकर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान चेतन, जतिन, विकास, गौरव और रित्विक के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी ललित पोंगी सहित अन्य की तलाश में पुलिस टीमें मॉडल टाउन सहित अन्य इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया है कि ललित का इलाके के कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। ललित ने उन्हें समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन जब वह नहीं माने तो मुख्य आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर क्षेत्र में जमकर बवाल काटा। हंगामे के दौरान कई राउंड गोलियां चलाई गईं। 50 से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के अलावा कई घरों में घुसकर भी मारपीट व तोड़फोड़ की गई। दो दिन बाद भी स्थानीय लोगों, महिलाओं और बच्चों में दहशत है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।