शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में कुत्ते को मारने से मना करने पर एक युवक ने बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने डंडे के कई वार बुजुर्ग के सिर पर कर दिए। हमले में अनिल कुमार (60) बेहोश हो गए। खून से लथपथ हालत में पीड़ित को नजदीकी हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित का बयान लेकर आरोपी भज्जू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित अनिल कुमार परिवार के साथ करोल बाग इलाके में रहते हैं। विवेक विहार इलाके में अशोक वाटिका के पास जैन मंदिर के नजदीक वह चाय की दुकान चलाते हैं। अनिल अक्सर देर होने की वजह से अपनी दुकान के बाहर ही सो जाते हैं। शुक्रवार देर रात को वह दुकान के बाहर सो रहे थे।
इस बीच अचानक उनकी कुत्ते के चिल्लाने की आवाज से नींद खुली। अनिल ने देखा कि उनका पड़ोसी फूल बेचने वाला भज्जू एक कुत्ते को डंडे से बुरी तरह पीट रहा था। अनिल ने इसका विरोध किया। भज्जू नहीं माना तो वह उठे और उन्होंने भज्जू से डंडे छीनने का प्रयास किया। आरोपी भड़क गया। उसने डंडे से अनिल के सिर पर हमला कर दिया।
सिर में कई डंडे लगने की वजह से अनिल बेहोश हो गए। उनके सिर से खून निकलने लगा। आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गया। बाकी पड़ोसियों ने पुलिस को खबर देने के बाद अनिल को अस्पताल में भर्ती कराया। विवेक विहार थाना पुलिस ने बाद में उनका बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। अब भज्जू की तलाश की जा रही है।