फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: दिवाली के दिन बहुत खराब हुई दिल्ली की हवा, पराली और हवा की कम गति हैं कारण, अभी और बिगड़ेंगे हालात

Thu, 04 Nov 2021 11:26 AM IST
अनुराग सक्सेना अमर उजाला, न्यूज डेस्क, नई दिल्ली

सार

हरियाणा और पंजाब में किसानों द्वारा पराली जलाने और दिल्ली में हवा की गति तेज नहीं होने के कारण दिल्ली में हवा खराब बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी यह स्तर और बिगड़ेगा।
विज्ञापन
दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा गुरुवार सुबह बिगड़कर बहुत खराब स्तर पर पहुंच गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 343 पर पहुंच गया। हवा का स्तर एक सप्ताह से बहुत खराब स्तर पर बना हुआ है। हरियाणा और पंजाब में किसानों द्वारा पराली जलाने और दिल्ली में हवा की गति तेज नहीं होने के कारण दिल्ली में हवा खराब बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अभी यह स्तर और बिगड़ेगा।

विज्ञापन


बीते कई दिनों से लगातार बिगड़ रही दिल्ली-एनसीआर की हवा दिवाली की रात से गंभीर हो सकती है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, अगले 24 घंटे के भीतर पराली जलने और हवा की दिशा का रुख बदलने समेत अन्य मौसमी गतिविधियों के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ेगा। 

आतिशबाजी नहीं होने के बावजूद हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंचेगी। वहीं, पिछले वर्षों के मुकाबले यदि सिर्फ 50 फीसदी ही पटाखों का इस्तेमाल होता है तो भी हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच जाएगी।

विज्ञापन

बीते 24 घंटे के भीतर राजधानी के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक में 11 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का एक्यूआई 314 रहा है। फरीदाबाद का 337, गाजियाबाद का 286, ग्रेटर नोएडा का 330 और नोएडा का 327 एक्यूआई रहा है। इससे एक दिन पहले दिल्ली का एक्यूआई 303 रहा था। 

पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के 3,271 मामले दर्ज
सफर के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के 3271 मामले दर्ज किए गए। इसकी प्रदूषण में आठ फीसदी हिस्सेदारी रही। सफर का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर होगी। साथ ही पराली जलने की अधिक घटनाओं के कारण पीएम 2.5 के स्तर की प्रदूषण में गुरुवार को 20 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी। 

दिवाली पर बढ़ सकता है एक्यूआई
वहीं, दिवाली के अगले दिन यह 35 से 40 फीसदी तक पहुंच सकता है। इससे हवा का स्तर बहुत खराब श्रेणी के उच्चतम स्तर में दर्ज हो सकता है। यदि पटाखों का इस्तेमाल न के बराबर रहता है तब भी दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं रहेगी। वहीं, यदि थोड़ा बहुत भी पटाखों का इस्तेमाल हुआ तो हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच जाएगी। सफर का अनुमान है कि दिवाली के अगले दिन एक्यूआई 500 से अधिक दर्ज हो सकता है। 

प्रदूषण को बढ़ाने में ये कारक भी करेंगे मदद
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को मिक्सिंग हाइट 1700 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 500 वर्ग मीटर रहा है। दिवाली के मौके पर मिक्सिंग हाइट 2000 मीटर व पांच नवंबर को 1900 मीटर रहेगी। वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स आठ हजार वर्ग मीटर व पांच नवंबर को 10 हजार वर्ग मीटर रहेगा। 

साथ ही हवा की रफ्तार भी छह से आठ किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी। इससे प्रदूषण को बढ़ने में मदद मिलेगी। हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटा से कम व वेंटिलेशन इंडेक्स छह हजार वर्ग मीटर से कम होने पर प्रदूषण को बढ़ने में मदद मिलती है। 
विज्ञापन

बुधवार को भी बहुत खराब स्तर पर रहा था एक्यूआई
इससे पहले दिल्ली-एनसीआर में बुधवार का दिन सुहाना रहा और मौसम में खास बदलाव दर्ज नहीं हुआ। अगले 24 घंटे में सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्का कोहरा छाया रह सकता है। दिन में प्रदूषण की चादर छाई रह सकती है और शाम को हल्की सर्दी बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 29.9 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 45 से 90 फीसदी तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके अगले दिन  हल्के बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, अगले दो दिनों तक तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें