दिल्ली में आज भी बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, हस्तिनापुर, गढ़मुक्तेश्वर, देवबंद, अमरोहा (यूपी), रोहतक, गोहाना, गन्नौर (हरियाणा) के अलग-अलग स्थानों पर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
कल लगातार दूसरे दिन भी तेज बारिश से दिल्ली-एनसीआर में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सूर्यदेव को बादलों ने दिनभर ढके रखा और रिमझिम का दौर चलता रहा। दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे तक 15.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
दिल्ली में सुबह 9 बजे के बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया था। 10 बजे के बाद हल्का अंधेरा छा गया और एकाएक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब सवा घंटे तक राजधानी में तेज बारिश का दौर चला। इससे सड़कें भी जलमग्न हो गईं।
घर से बाहर निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रिज इलाके में 27.4, आयानगर में 29.6 व गुरुग्राम में 28 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 33.4 व न्यूनतम सामान्य के बराबर 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 73 से 97 फीसदी रहा। सोमवार को तापमान 34 से 36 के बीच रहने के आसार हैं। सप्ताह के अंत तक बारिश कम होगी और तापमान में वृद्धि होगी।
जलजमाव के कारण परेशान हुए लोग
लगातार दो दिन की बारिश ने सिविक एजेंसियों की पोल खोल दी है। एक दिन पहले हुई बारिश के पानी की निकासी पूरी तरह नहीं हो पाई थी कि दूसरे दिन भी वर्षा शुरू हो गई। विभिन्न इलाकों में जलजमाव के कारण घरों से निकले लोगों को परेशानी हुई।
सबसे बुरे हालात नंद नगरी, खजूरी, शास्त्री पार्क, कश्मीरी गेट, तीस हजारी, आजाद मार्केट, करोल बाग, पटेल नगर, द्वारका, राजौरी गार्डन व टैगोर गार्डन आदि इलाकों में रहे। रविवार की छुट्टी के बावजूद कई इलाकों में जाम लगा। इनमें पुरानी दिल्ली से लेकर उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी व उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाके शामिल थे।