नई दिल्ली। कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन से संक्रमित दो मरीज और सामने आए हैं। कुल मामलों की संख्या 10 हो गई है। इनमें से पांच मरीजों को छुट्टी मिल चुकी है, जबकि पांच रोगी लोकनायक अस्पताल में भर्ती हैं। राजधानी में पहला ओमिक्रॉन संक्रमित 5 दिसंबर को मिला था।
बृहस्पतिवार को अस्पताल के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि उनके यहां अभी तक 40 से अधिक मरीज भर्ती हैं। इसलिए बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी गई है। ओमिक्रॉन संक्रमित 10 में से दो मरीज विदेश यात्रा पर नहीं गए थे। यह दोनों दिल्ली में ही संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए।
74 में से 35 की मिली रिपोर्ट
एक से 15 दिसंबर के बीच नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 74 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इन सभी मरीजों को लोकनायक अस्पताल या फिर मैक्स स्मार्ट अस्पताल में भर्ती किया गया है। 74 में से अब तक करीब 35 लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिनमें से 10 लोगों में ओमिक्रॉन वैरिएंट मिला है। इससे पहले बीते बुधवार को भी दो ओमिक्रॉन संक्रमित मिले थे।