शुक्रवार रात वारदात में शामिल बदमाशों के सीमापुरी इलाके में आने की जानकारी मिली। स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक विकास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 70 फुटा रोड पर घेराबंदी कर दी। पुलिस की तीन टीमें गठित कर उन्हें तीन पिकेट पर तैनात कर दिया गया। सभी टीम वाहनों की जांच करने लगीं। रात करीब दो बजे दो बाइक पर सवार होकर चार बदमाश वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाश वहां से भागने लगे और भागते हुए पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को लगी गोली
पुलिस ने बताया कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों पर तीन राउंड गोली चलाई। गोली भाग रहे बदमाश विक्रम और हरिकिशन के पैर में लगी। दोनों बदमाश बाइक समेत गिर गए। पुलिस टीम ने चारों बदमाशों को दबोच लिया। घायल बदमाशों को पुलिस पास के अस्पताल में ले गई, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले
छानबीन में पता चला कि बदमाशों ने बरामद बाइक को नोएडा के जेवर थाना और अलीगढ के टप्पल थाना इलाके से चोरी की थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश विक्रम खुर्जा के एक क्रॉकरी की फैक्ट्री में काम करता है। वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। उसपर लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के आठ मामले दर्ज हैं। शुभम चौधरी शादीशुदा है और गांव में मजदूरी करता है। उसपर डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के सात मामले दर्ज हैं।
देव कुमार खुर्जा में मिट्टी के बर्तनों की दुकान में काम करता है। उसपर शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वहीं हरिकिशन किसान है। वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। वह वर्ष 2010 में मंडोली सबोली स्थित एक पंखे की कंपनी में काम कर चुका है और इस इलाके से परिचित है। उसपर डकैती, धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास के छह मामले दर्ज हैं।