दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय सत्र तीन जनवरी से होगा। विधानसभा सचिवालय ने इसकी जानकारी सभी विधायकों को दे दी है। इस दौरान दिल्ली टीचर्स विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ा विधेयक सदन में पेश होगा। दिल्ली कैबिनेट ने सोमवार को ही शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि अगले सत्र में इसका विधेयक विधानसभा में पेश होगा।
उधर, विधानसभा सचिवालय की बुलेटिन में कहा गया है कि सातवीं विधानसभा के दूसरे सत्र का चौथा भाग तीन जनवरी 2022 को 11 बजे से शुरू होगा। दो दिवसीय सत्र की कार्यवाही चार जनवरी तक चलेगी।
कोरोना के मौजूदा हालात के देखते हुए विधायकों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है। साथ ही, उनको वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट या 48 घंटे पहले की कोविड निगेटिव रिपोर्ट के साथ आना होगा।