दिल्ली में अब हर चौथा सैंपल कोरोना संक्रमित मिलने लगा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 76670 सैंपल की जांच हुई थी जिनमें 25 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस तरह पिछले एक दिन में 19166 लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं 14076 मरीजों को छुट्टी दी गई।
इस दौरान 17 मरीजों की संक्रमण से मौत हुई। रविवार को भी अलग अलग अस्पतालों में 17 मरीजों की मौत हुई थी।हालांकि विभाग ने यह भी स्वीकार किया है कि पिछले एक दिन में कोरोना की जांच संख्या में भी कमी आई है।
शनिवार और रविवार को वीकेंड कर्फ्यू के साथ साथ अवकाश होने के चलते करीब 10 हजार तक सैंपल की जांच में कमी आई है। बहरहाल दिल्ली में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 15,68,896 हुई है जिनमें से 14,77,913 मरीज ठीक भी हुए लेकिन 25177 मरीजों की अब तक मौत हुई है।
दिल्ली में अभी कोरोना के सक्रिय यानी उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 65806 हुई है जिनमें से 44028 मरीज अपने अपने घरों में आइसोलेशन में हैं। जबकि 700 मरीजों को कोविड निगरानी और स्वास्थ्य केंद्रों पर भर्ती किया गया है। इनके अलावा अस्पतालों में 1912 मरीज भर्ती हैं।