राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर 8 अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम में धर्म विशेष के खिलाफ नारेबाजी का मामला गंभीर हो गया है। दिल्ली पुलिस धर्म विशेष के खिलाफ नारेबाजी करने वालों की तलाश कर रही है, वहीं कार्यक्रम के आयोजक पूर्व भाजपा प्रवक्ता व सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस अश्विनी उपाध्याय को गिरफ्तार कर सकती है।
सोमवार को दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि रविवार की घटना में शामिल अश्विनी उपाध्याय और अन्य को गिरफ्तार किया जाएगा। दिल्ली पुलिस कानून के मुताबिक, मामले की जांच कर रही है और किसी भी तरह की सांप्रदायिक विद्वेष को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस आयोजन की इजाजत नहीं थी।
थाने पहुंचे अश्विनी उपाध्याय
सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम के आयोजक पूर्व भाजपा प्रवक्ता व सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय बीती रात कनॉट प्लेस पुलिस थाने पहुंचे। इस दौरान उपाध्याय ने कहा कि वीडियो की जांच होनी चाहिए। उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने खुद दिल्ली पुलिस को शिकायत देकर इस मामले की जांच करने के लिए कहा है। उनको नहीं पता है कि नारेबाजी करने वाले कौन लोग हैं और यह कहां से आए।
मंगलवार को दिल्ली पुलिस अश्विनी उपाध्याय, प्रीत, क्रांति समेत कुल चार लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं क्राइम ब्रांच की टीम दीपक सिंह नाम के शख्स से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस को अभी पिंकी चौधरी की तलाश है, पिंकी ही नारे लगा रहा था।