राजधानी में दिल्ली में कैंसर की एक्सपायर और नकली दवाएं बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को दबोचा है। आरोपियों की पहचान जैतपुर निवासी सद्दाम हुसैन उर्फ रजा अंसारी (29) अफसर अली (21) और रोहिणी निवासी सोनू चौधरी (26) के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से दवाओं के 141 पैकेट बरामद हुए हैं। ड्रग इंस्पेक्टर के आदेश पर इनको जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी एक्सपायर के साथ ही नकली दवाइयां भी बेच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में पैकिंग मटेरियल भी बरामद किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य बदमाश की तलाश करने का प्रयास कर रही है। अपराध शाखा के सूत्रों के मुताबिक, उनकी टीम को बुधवार तड़के सूचना मिली थी कि कैंसर की महंगी दवाइयों का स्टॉक जसोला स्थित लिविंग स्टाइल मॉल के पास आने वाला है।
सूचना के बाद फौरन एक टीम तैयार कर जसोला पर तैनात कर दी गई। पुलिस ने इसकी सूचना ड्रग इंस्पेक्टर को भी दी। सुबह करीब सात बजे काले रंग की स्कूटी पर दो युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी स्कूटी चला रहा था, जबकि दूसरे आरोपी के हाथ में एक गत्ते का डिब्बा मौजूद था।