नामी बाइक एप सर्विस के जरिये उन्नाव से दिल्ली आए एक युवक ने ग्रेटर नोएडा इंटरव्यू देने जाने के लिए बाइक बुक कराई। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से वह बाइक राइडर के साथ सवार होकर ग्रेटर नोएडा के लिए निकला।
बाइक राइडर बजाए युवक को नोएडा ले जाने के सोनिया विहार में सुनसान जगह ले गया। जहां ऑटो सवार पहुंचे और हथियार दिखाकर पीड़ित से सारा सामान लूट लिया।
डर की वजह से पीड़ित वापस उन्नाव लौट गया। इसके बाद उन्नाव से ही पीड़ित के बड़े भाई विरेंद्र ने कॉल कर दिल्ली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शुभम मिश्रा (22) अमित चौहान उर्फ गांधी (22) और अर्जुन उर्फ गोरा (23) के रूप में हुई है। शुभम मिश्रा दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से स्नातक कर रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चाकू, लूटा गया मोबाइल व पीड़ित का अन्य सामान बरामद किया है। सोनिया विहार थाना पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।