उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक युवक ने पानी का कारोबार शुरू करने के लिए अपने मालिक को धोखा दिया। उसने मालिक के पांच लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कॉल कर दी। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो झूठ से पर्दा उठ गया।
आरोपी नौकर और उसके कजिन (बुआ के लड़के) को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान मुख्य आरोपी दीपक (34) और उसके कजिन असलम टिकरी (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से लूटे गए रुपयों में से 4.92 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी दीपक राजीव बंसल के पास पांच-छह साल से काम कर रहा था। लेकिन राजीव ने दीपक का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाया था। दोनों ही आरोपी दीपक और असलम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि 18 अक्तूबर को वजीराबाद थाना पुलिस को लूट की कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल पर पुलिस को दीपक नामक युवक मिला। उसने ही पांच लाख रुपये लूट की कॉल की। दीपक ने बताया कि वह कारोबारी राजीव बंसल के पास काम करता है।