दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल देश को दहलाने की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किए गए छह आतंकी गिरफ्तारी मामले में यूपी के नौ युवकों को कानूनी नोटिस भेजा है। ये युवक प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, मेरठ और वाराणसी के रहने वाले हैं। इन युवकों से पूछताछ कर स्पेशल सेल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा खड़े किए गए मॉड्यूल के स्लीपर सेल का पता लगा रही है। दूसरी तरफ गिरफ्तार हुमैद उर रहमान के निशानदेही पर यूपी से दो पिस्टल, कारतूस व विस्फोटक बरामद किया गया है।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यूपी के आठ से नौ युवकों को पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया है। पूछताछ कर मॉड्यूल के स्लीपर सेल का पता लगाया जा रहा है। ये बताया जा रहा है कि मॉड्यूल के दो से तीन स्लीपर सेल यूपी में छिपे हुए हैं। ये स्लीपर सेल मॉड्यूल के कथित आतंकियों को हर तरह का सपोर्ट उपलब्ध करा रहे थे।
स्पेशल सेल के अधिकारी ने बताया कि स्पेशल सेल की एक टीम आतंकी ओसामा के चाचा हुमैद उर रहमान को यूपी ले कर गई हुई है। हुमैद की निशानदेही पर करेली के बसौवा व टीपरी गांव के बीच खेत व सड़क के बीच बने चैका(खुदी हुई जमीन) से दो पिस्टल, कारतूस व विस्फोटक बृहस्पतिवार को बरामद किया गया है।
स्पेशल सेल ने जब इन आतंकियों को गिरफ्तार किया था तो उसके बाद हुमैद उर रहमान ने इन पिस्टल व कारतूस को चैका में फेंक दिया था। इस चैका में पानी भरा हुआ है। स्पेशल सेल की टीम हुमैद के निशानदेही पर कई जगह छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि हुमैद के कब्जे से करीब डेढ़ किलो आरडीएक्स, दो हथगोले व पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद किया था। हुमैद ने पूछताछ में बताया कि उस विस्फोटक व हथियारों को एक जगह पर जमीन में दबाया था।
दुबई में बैठे अपने बड़े भाई उसैदुर रहमान के कहने पर जमीन से निकालकर लेकर आया था। हुमैद समेत अन्य आतंकियों से पूछताछ में ये बात सामने आई है कि हुमैद का बड़ा भाई और ओसामा का दुबई में बैठा पिता उसैदुर रहमान ही इस मॉड्यूल का हैंडलर है। दिल्ली पुलिस के आग्रह पर केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियां उसे भारत लाने के प्रयास में जुट गई हैं।