दिल्ली- एनसीआर में गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यही वजह है कि बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 40 को भी पार कर गया। साथ ही दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भी पारा 41 से लेकर 42 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में भी दिल्ली -एनसीआर को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आगामी 25 जून को हल्की बारिश से लोगों को राहत मिल सकती है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालात यह रहे कि सुबह सात बजे से ही धूप की तेज चुभन होना शुरू हो गई थी और 10 बजे तक सूरज कड़े तेवर में था। दिन भर तेज धूप खिलने की वजह से लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 77 फ़ीसदी और न्यूनतम 31 फ़ीसदी दर्ज किया गया। नमी का अधिक स्तर होने की वजह से सुबह से लेकर शाम तक चिपचिपी गर्मी का एहसास भी बना रहा।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 41, लोदी रोड में 40.4, आया नगर में 41.2, गुरुग्राम में 38.1, नजफगढ़ में 41.7 व पीतमपुरा में सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर को राहत के आसार नहीं हैं। दिन भर धूप खिले रहने की वजह से अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।
एक दिन पहले ही मौसम विभाग ने मानसून में सात दिन और देरी होने का अनुमान जताया है। इसकी वजह पश्चिमी दिशा से लगातार आने वाली हवाओं को बताया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में जून के अंत तक मानसून की दस्तक हो सकती है। इससे पहले विभाग ने 15 जून तक मानसून के दस्तक
खराब श्रेणी में पहुंची दिल्ली- एनसीआर की हवा
सफर इंडिया के पूर्वानुमान के मुताबिक,बुधवार को दिल्ली एनसीआर की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक हवा के खराब श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 218 दर्ज रहा। इसके अलावा फरीदाबाद का 194, गाजियाबाद का 225, ग्रेटर नोएडा का 240, गुरुग्राम का 180 और नोएडा का 227 औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक रहा।
सफर इंडिया के मुताबिक, पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा पर प्रभाव पड़ा है। हवा में पीएम10 का स्तर अधिक होने की वजह से हवा बिगड़ी है। अगले तीन दिनों तक इसमें सुधार होने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों में हवा में पीएम10 का स्तर 231 और पीएम 2.5 का स्तर 75 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।