Delhi News : दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं लगाने पर लगने वाले 500 रुपये के जुर्माने को समाप्त कर सकता है। इसके साथ ही कोरोना के मामलों में लगातार हो रही कमी को देखते हुए अस्पतालों में तैनात कर्मचारियों और उपकरणों को भी चरणबद्ध तरीके से कम करने पर सहमति बनी है।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं लगाने पर लगने वाले 500 रुपये के जुर्माने को समाप्त कर सकता है। इसके साथ ही कोरोना के मामलों में लगातार हो रही कमी को देखते हुए अस्पतालों में तैनात कर्मचारियों और उपकरणों को भी चरणबद्ध तरीके से कम करने पर सहमति बनी है।
विज्ञापन
उपराज्यपाल वीके सक्सेना की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में दिल्ली में कोविड हालात की समीक्षा की गई।
डीडीएमए ने अप्रैल में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया था। मास्क नहीं लगाने वालों पर 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान किया था। बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक बैठक में मास्क के उल्लंघन पर 500 रुपये के जुर्माने में ढील देने का फैसला किया गया।
विज्ञापन
त्योहारी सीजन के दौरान आम लोगों को जागरूक करने के लिए और कदम उठाने पर चर्चा की गई। बैठक में इन्फ्लूएंजा जैसे संक्रामक रोग की पहचान करने के लिए बड़े स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलाव एहतियाती टीके की खुराक लगवाने को मौजूदा 24 फीसदी से बढ़ाकर कम से कम 40-50 प्रतिशत करने पर भी सहमति बनी।
जीनोम सीक्वेंसिंग के आंकड़ों के विश्लेषण पर जोर
सूत्रों का कहना है कि एहतियाती टीके की खुराक लगवाने को मौजूदा दर 24 फीसदी से बढ़ाकर कम से कम 40-50 फीसदी करने का निर्देश दिया गया है। सूत्रों की माने तो स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपदा से निपटने के लिए कार्य योजना तैयार करेगा। बैठक में जीनोम सीक्वेंसिंग के आंकड़ों के विश्लेषण पर भी जोर दिया गया ताकि मामलों की संख्या में वृद्धि या किसी नये स्वरूप के सामने आने पर पता चल सके। वहीं विशेषज्ञ सदस्यों ने जोर दिया कि हमें अभी ढीला नहीं पड़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने की बूस्टर डोज लगवाने की अपील
डीडीएमए की बैठक में के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लोगों से बूस्टर डोज जरूर लगवाने की अपील की। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है कि उपराज्यपाल की अध्यक्षता में आज डीडीएमए की मीटिंग (बैठक) हुई। कोरोना की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। कई अहम निर्णय हुए। सभी दिल्लीवासियों से अपील है कि सब लोग वैक्सीन (टीके) की बूस्टर डोज जरूर लगवायें। त्योहारों के सीजन में अपने परिवार को कोरोना से सुरक्षित रखें। कोरोना से बचने के लिए सभी एहतियात बरतें।