मालवीय नगर के बेगमपुर गांव में सोमवार रात 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। कार सवार दो लोगों ने बच्ची का अपहरण करने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और एक आरोपी को पकड़ लिया।
लोगों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अफजल के रूप में हुई है। आरोपी अपने साथी का नाम अजर बता रहा है। मालवीय नगर पुलिस अधिकारियों के अनुसार अजर को पकड़ने के लिए दिल्ली-एनसीआर में दबिश दी जा रही है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मालवीय नगर के बेगमपुर गांव में रहने वाले बच्ची घर से दुकान पर सामान लेने जा रही थी। तभी कार सवार दो युवक वहां आए और बच्ची को खींचकर कार में बैठाने लगे।
बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए तो आरोपी भागने लगे। स्थानीय लोगों ने पीछा कर आरोपी अफजल को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद बच्ची बहुत ज्यादा डरी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर बच्ची शोर नहीं मचाती तो आरोपी बच्ची का अपहरण करके ले जाते। माना जा रहा है कि गलत करने की नीयत से बच्ची का अपहरण किया जा रहा था। दोनों आरोपी रिश्तेदार हैं और कैब चलाते हैं।