पिंक और ग्रे लाइन के नवनिर्मित दो अलग अलग सेक्शन पर शुक्रवार से मेट्रो दौड़ने लगेगी। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मेट्रो सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। मेट्रो सेवा के शुरू होने से दोनों सेक्शन के लाखों यात्रियों के लिए परिवहन का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।
पिंक लाइन के शेष हिस्से में मयूर विहार पॉकेट-1 और त्रिलोकलुपरी (संजय झील)के बीच मेट्रो की पिंक लाइन कॉरिडोर पर 59 किलोमीटर के दायरे में यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं निर्बाध उपलब्ध होंगी। इससे पिंक लाइन की कनेक्टिविटी प्रमुख बाजारों और आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन से होगी।
ग्रे लाइन के नजफगढ़- ढांसा बस स्टैंड के बीच भी शुक्रवार से मेट्रो का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इससे द्वारका-नजफगढ़ मेट्रो का विस्तार ढांसा बस स्टैंड तक हो जाएगा। इससे दिल्ली और हरियाणा के गांवों में रहने वालों के लिए भी दिल्ली के अलग अलग कोने तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
फिलहाल, पिंक लाइन के त्रिलोकपुरी-मयूर विहार पॉकेट-1 के बीच मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस बचे हुए हिस्से में रिहायशी क्षेत्र होने की वजह से मेट्रो निर्माण में देरी हुई। दोनों सेक्शन पर मेट्रो निर्माण पूरा होने के बाद सफल ट्रायल के बाद दिल्लीवासियों के लिए एक साथ दोनों सेक्शन पर मेट्रो सेवाएं शुरू की जा रही हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी)के कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन) अनुज दयाल के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 3 बजे के बाद यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इससे लाखों यात्रियों को आवागमन में सुविधा बढ़ जाएगी। करीब 1.891 किलोमीटर में नजफगढ़-ढांसा बस स्टैंड के बीच मेट्रो का विस्तार किया गया है। इसपर मेट्रो सेवाएं शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली और हरियाणा के ग्रामीण इलाकों से भी आवागमन में सुविधा बढ़ जाएंगी।