दिल्ली सरकार विभिन्न गांवों के विकास पर 399 करोड़ रुपये खर्च करेगी। विकास मंत्री गोपाल राय की अध्यक्षता में दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड की बैठक में मंगलवार को गांवों में सड़क, नाली, जल निकाय, पार्क, खेल मैदान और सामुदायिक केंद्र एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 291 योजनाओं को मंजूरी दी।
इस मौके पर गोपाल राय ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को गांव के विकास की योजनाओं को समय सीमा के अंदर पूरा करने के निर्देश दिए। खासतौर पर उन्होंने गांव में विकास कार्य करने वाली मुख्य कार्यकारी एजेंसी सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वीकृत परियोजनाओं को पूरा करने के लिए कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार गांवों में सड़कों, पार्कों, नालियों और बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्रों की स्थिति में सुधार के साथ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। दिल्ली सरकार ने गांवों के विकास जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर इस साल लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। वहीं, स्वीकृत की गई 291 योजनाओं को भी जल्द से जल्द पूरा करने के लिए विभाग को निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार इन योजनाओं को पूरा करने में करीब 399 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटी है। विकास विभाग से जुड़े इन विकास कार्यों को सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, नगर निगम सहित अन्य सरकारी विभागों के माध्यम से किया जा रहा है।