दिल्ली सरकार बच्चों के लिए शिक्षा का स्तर सुधारने के बाद अब अभिभावकों से जुड़ कर उन्हें पेरेंटिंग गुर सिखाएगी। इसके लिए मोबाइल कॉल करके अभिभावकों को पढ़ाई के साथ बच्चों के देख-भाल की बारीकियां बताई जाएंगी। स्कूल मित्र व स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों को इस काम में लगाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को त्यागराज स्टेडियम में पैरेंटल आउटरीच प्रोग्राम के तहत पेरेंट्स संवाद कार्यक्रम लांच किया।
योजना के अनुसार, हर स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सदस्य व स्कूल मित्र को उनके आसपास के 50-50 अभिभावकों से जोड़ा जाएगा। ये महीने में एक बार दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा तैयार किये गए फ्री कालिंग सिस्टम के माध्यम से कॉल के माध्यम से अभिभावकों से जुड़ेंगे। स्कूल मैनेजमेंट सदस्यों और स्कूल मित्रों को एक थींम आधारित ट्रेनिंग दी जायेगी। थीम के आधार पर बाकी अभिभावकों के साथ पेरेंटिंग और पढाई के बारे संवाद किया जायेगा।
अभिभावकों को बताया जायेगा कि अपने बच्चे के साथ कैसे बात करे
इस दौरान अभिभावकों को बताया जायेगा कि अपने बच्चे के साथ कैसे बात करे। ये कैसे जाने की बच्चा क्या सीख रहा है। बच्चे को समय-समय पर क्या सहयोग दिया जाये। इस कार्यक्रम के तहत 35000 से ज्यादा स्कूल मित्र और स्कूल मैनेजमेंट कमिटी मेंबर्स स्कूल और अभिभावकों को जोडने का काम करेंगे। इससे सरकारी स्कूलों में पढने वाले 18 लाख से ज्यादा बच्चे लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि ये पेरेंट्स संवाद कार्यक्रम अनूठा और सबसे बड़ा आउटरीच कार्यक्रम है। इस प्रोग्राम से 18 लाख बच्चों के अभिभवाक स्कूल से सीधे वन- टू-वन मोड में जुड़ेंगे। %पेरेंट्स संवाद’ कार्यक्रम अभिभवाक व स्कूल के बीच संवाद को बढ़ाएगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के लिए उचित राह भी सुझाएगा।
पायलट फेज काफी सफल रहा
इस कार्यक्रम को पायलट फेज में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी जिले के 40 स्कूलों में शुरू किया गया था। इसका पायलट फेज काफी सफल रहा। इस दौरान देखा गया कि बच्चों की पढाई में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ी। अभिभावकों का स्कूल से जुड़ाव भी बढ़ा। स्कूलों से ड्रॉपआउट दर में भी कमी आई और बच्चों की उपस्थिति दर भी बढ़ी। कोरोना के दौरान स्कूल मित्रों ने न केवल बच्चों को ट्रेस करने उन तक शिक्षण सामग्री पहुँचाने में मदद की बल्कि उनकी काउंसलिंग में भी मदद की।
लांचिंग प्रोग्राम में बड़ी संख्या में अभिभावक व बच्चे मौजूद
कार्यक्रम में कालका जी से विधायक आतिशी, दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग के चेयरपर्सन, अनुराग कुंडू, प्रधान शिक्षा सचिव एच.राजेश प्रसाद, शिक्षा निदेशक, हिमांशु गुप्ता, प्रधान शिक्षा सलाहकार, शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और स्कूलों को आपस में जोडना है। इस प्रोग्राम के तहत स्कूल मित्रों की सहायता से अभिभावकों को उनके बच्चों के साथ संवाद करने और बच्चों की पढ़ाई को लेकर जागरूक किया जायेगा।