मृतक के हैं दो बेटे और एक बेटी
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि संदीप सिंह अपने परिवार के साथ विष्णु गार्डन, ख्याला इलाके में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी मंजीत कौर, दो बेटे और एक बेटी है। संदीप का प्रॉपर्टी के अलावा जींस बनाने का कारोबार था। पुलिस को दिए बयान में मंजीत ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच उनके पति के दोस्त मंगल संदीप को अपने साथ ले गए थे। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार ने संदीप को कॉल करना शुरू कर दिया।
खुद आरोपी ने फोन उठाकर कहा, संदीप नशे में पडा है, ले जाओ
काफी फोन करने पर एक बार उनके दोस्त मंगल ने फोन उठाकर बताया कि संदीप यहां नशे में पड़ा है, उसे उठाकर ले जाओ। मंजीत फौरन विष्णु गार्डन में ही मौजूद मंगल के घर पहुंची। वहां संदीप बुरी तरह जख्मी हालत में सीढ़ियों पर पड़ा था। उसकी नाक, कनपटी और सिर से खून निकल रहा था। उस समय तक संदीप को थोड़ा होश था। उसने बताया कि झगड़े के दौरान पहले मंगल ने उसे पीटा और बाद में सीढ़ियों से धक्का दे दिया। मंजीत फौरन संदीप को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां उनको मृत घोषित कर दिया।
शराब पीने के दौरान हुए झगड़े के बाद दिया वारदात को अंजाम
अस्पताल से ही पुलिस को संदीप की मौत की खबर मिली। मंजीत का बयान लेकर पुलिस आरोपी मंगल की तलाश में पहुंची। वह घर से फरार मिला। बाद में पुलिस ने आरोपी को इलाके से ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पीने के दौरान संदीप ने उसे गाली दे दी थी। इस बात पर दोनों के बीच पहले हाथापाई हुई। संदीप ने भी हमला कर मंगल सिर फोड़ दिया। बाद में मंगल ने घर में रखे प्लास से संदीप पर हमला किया और उसे पहली मंजिल की सीढ़ियों से धक्का दे दिया। हमले और सीढ़ियों से गिरने के कारण संदीप की मौत हो गई। मंगल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसका अपना डाई बनाने का कारोबार है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।