नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर मंगलवार से ई-बसें दौड़ेंगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इन बसों में पहले तीन हर कोई फ्री सफर कर सकेगा। पहले चरण के तहत 150 ई-बसें सड़कों पर उतारीं जा रही हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आईपी डिपो से हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना करेंगे।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले जनवरी में दो (प्रोटोटाइप) इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई थी। सभी बसें सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस, 10 पैनिक बटन, दिव्यांगों के लिए रैंप सहित तमाम सुविधाओं से युक्त हैं। बसों के रख रखाव के लिए मुंडेला कलां, राजघाट और रोहिणी सेक्टर-37 में तीन डिपो कोइलेक्ट्रिक बस डिपो के रूप में तैयार किया गया है। हरी झंडी दिखाने के बाद से बसें दिल्ली के प्रमुख रूटों पर चलेंगी। इनमें रिंग रोड पर तीव्र मुद्रिका, रूट नं. 502 मोरी गेट-महरौली टर्मिनल, रूट नंबर ई-44(आईपी डिपो-कनॉट प्लेस- सफदरजंग- साउथ एक्सटेंशन- आश्रम- जंगपुरा- इंडिया गेट के रूट पर चलेंगी। लोगों को इन बसों में सफर के लिए 24-26 मई के बीच टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
प्रतियोगिता में शामिल होकर जीत सकते हैं आई पैड
दिल्ली सरकार ई-बसों को बढ़ावा देने और अधिकाधिक लोगों को इनका फायदा पहुंचाने के लिए एक प्रतियोगिता भी आयोजित करेगी। मुफ्त सवारी के साथ-साथ एक सेल्फी लेकर हैशटैग #IrideEbus के साथ इंस्टाग्राम, ट्विटर और फेसबुक हैंडल पर पोस्ट करने वाले टॉप तीन प्रतियोगियों के पास आईपैड जीतने का भी मौका होगा।