राजधानी में प्रदूषण से जंग को लेकर दिल्ली तैयार हो रही है। इस बार 150 हॉटस्पॉट की पहचान की गई है जहां से प्रदूषण पर वार किया जाएगा। पिछले वर्ष इनकी संख्या 13 थी। इस कड़ी में मंगलवार को ग्रीन वार रूम के लिए 21 सदस्यीय टीम बनाई है जो पूरी सर्दी में 24 घंटे सातों दिन काम करेगी। ग्रीन दिल्ली एप के माध्यम से दिल्ली का कोई भी नागरिक प्रदूषण संबंधी शिकायत ग्रीन वार रूम तक पहुंचा सकता है।
एक साल में 27 हजार में से 23 हजार शिकायतों का निवारण
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में एडवांस ग्रीन वार रूम और ग्रीन दिल्ली एप के आईओएस वर्जन के लॉन्च के मौके पर कहा कि पिछली बार 27 हजार शिकायतें मिली थी। इसमें से 23 हजार शिकायतों का निवारण किया गया है। गोपाल राय ने कहा कि पिछले साल ग्रीन दिल्ली एप केवल एंड्रॉयड फोन पर था, लेकिन आज आईफोन (आईओएस) यूजर्स के लिए भी एप को लांच किया गया है। एप दिल्ली के 27 विभाग का संयुक्त प्लेटफार्म है।
शिकायतों पर होती है सभी विभागों की संयुक्त कार्रवाई
उन्होंने बताया कि एप पर जितनी शिकायतें आती हैं, उनपर सभी 27 विभागों के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की जाती है। एप को संचालित करने के लिए हर विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी विभाग की तरफ से नियुक्त कुल ढाई हजार लोगों को ग्रीन वार रूम के जरिए ट्रेनिंग दी गई है। उन सभी लोगों का अलग-अलग बैच तैयार किया है, ताकि एप पर आने वाली शिकायतों को दूर कर सकें।
पर्यावरण मंत्री के मुताबिक, अभी इस पूरे वार रूम को संचालित करने के लिए 21 सदस्यीय टीम बनाई है, जोकि ग्रीन वार रूम से सर्दी में 24 घंटे सातों दिन काम करेगी।
ग्रीन दिल्ली ऐप पर कर सकते हैं ये शिकायतें
1. औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण होने पर शिकायत कर सकते हैं।
2. पार्क में पत्तियां-बायोमास जल रहा है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
3. कूड़ा या प्लास्टिक कचरा जल रहा है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
4. निर्माण-विध्वंस वस्तुएं जल रही हैं और निर्माण क्षेत्र में अत्यधिक धूल उड़ रही है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
5. दिल्ली के अंदर कूड़ा सड़क किनारे या खाली जगह पर फेंके जाने पर शिकायत।
6. सड़क किनारे या खाली जगह पर कूड़ा फेंका हुआ है और जलाया जा रहा है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
7. गाड़ी ज्यादा धुआं छोड़ रही है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
8. रोड पर गड्ढे ज्यादा हैं और वहां से धूल उड़ रही है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
9. रोड पर धूल फैली है तो उसकी शिकायत कर सकते हैं।
10. ध्वनि प्रदूषण पर भी शिकायत कर सकते हैं।