नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने दावा किया है कि दिल्ली निवासी महिला की 27 वर्षीय बेटी को बिहार के मधेपुर से बचाया है। इस युवती को उसका पति और ससुराल वाले जिंदा जलाने की साजिश रच रहे थे। आयोग की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मधुबनी के एक गांव में पीड़ित युवती का पता किया। युवती ने पुलिस को बताया कि उसका पति व ससुराल वाले उसे बेरहमी से पीटते हैं और उसे कैद करके रखा है। उसे खाना व पानी भी नहीं देते हैं।
आयोग ने मामले की गंभीरता और युवती की जान को खतरा देख शिकायत मिलने के 12 घंटे के भीतर ही पीड़िता को बचा लिया और उसे सुरक्षित दिल्ली में उसकी मां के पास पहुंचा दिया।
युवती ने बताया कि उसके पति के अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध हैं और जब उसने इसका विरोध किया तो उसे उसके पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया। उसके ससुराल वाले उसे जिंदा जलाने वाले थे और उन्होंने लकड़ी और मिट्टी के तेल का प्रबंध कर लिया था। आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल और सदस्य फिरदौस ने पीड़ित युवती से मुलाकात की।
आयोग को पीड़िता ने बताया कि उसका पति दिल्ली में भी उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा है और उसे धमका भी रहा है। उधर आयोग को पता चला कि पुलिस ने अब तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। इस कारण आरोपी का हौसला उसकी धमकियों के साथ बढ़ता नजर आ रहा है।
इसलिए आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले में बिहार पुलिस को नोटिस जारी कर उसके पति और उसके परिवार के खिलाफ एफआईआर करने एवं उनको तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। आयोग ने मामले में दिल्ली पुलिस को भी सूचित करते हुए पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।