आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज के आरोपों पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कहा है कि दिल्ली विधानसभा के प्रश्नों का उत्तर नहीं देने का एमसीडी का निर्णय तार्किक है। विधानसभा में स्वीकार करने के बाद भी जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार फंड नहीं जारी कर रहे है तो फिर वह कैसे उम्मीद करते हैं कि उस विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों का जवाब एमसीडी देगी।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वंय विधानसभा का सम्मान नही करती तो नगर निगमों से कैसे उम्मीद करती है कि होर्डिंग्स को लेकर पूछे प्रश्नों का जवाब मिले। सरकार बताए की क्यों वह विधानसभा में स्वीकृत वित्त आयोग की सिफारिश लागू नही कर रही। दिल्ली मे जिन होर्डिंग्स साईट पर भाजपा का बैनर लगने पर विधायक सौरभ भारद्वाज उसे अवैध बताते हैं तो वह खुद अपने गिरेबां में देखें। बताएं कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर लगने वाले होर्डिंग्स पर क्यों आंखे मूंदे हुए हैं।