इंडिगो एयरलाइन की रद्द उड़ानों से देशभर परिचालन संकट और यात्रियों की परेशानी जारी है। इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की है कि उड़ान संचालन अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। टीम व्यवधान कम करने में जुटी है।
इंडिगो एयरलाइन में जारी परिचालन संकट और यात्रियों की परेशानी जारी है। शनिवार को अभी तक 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। देश के कई हवाई अड्डों पर यही हाल है। इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने एक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में बताया गया है कि उड़ान संचालन अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। हालिया व्यवधानों के बाद यात्री फिर से सुचारू यात्रा का अनुभव कर सकेंगे।
विज्ञापन
दिल्ली एयरपोर्ट के एडवाइजरी में कहा गया है कि कुछ इंडिगो उड़ानों पर अभी भी असर है, यात्रियों से अनुरोध है कि एयरलाइन से नवीनतम उड़ान स्थिति की जांच करें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके। टीम सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि व्यवधानों को कम किया जा सके और यात्रियों के लिए यात्रा अनुभव सहज बनाया जा सके।
बता दें कि शुक्रवार को इंडिगो का परिचालन लगभग ठप रहा और दिनभर में इंडिगो की 1000 उड़ानें रद्द हुईं। वहीं चार दिसंबर को 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं। इस तरह बीते पांच दिनों में इंडिगो की 2000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं और देश का हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।