DDA Housing Scheme 2021: फाइल फोटो
अपना घर हर किसी का सपना होता है और बात अगर दिल्ली के किसी पॉश इलाके की हो और वो भी किफायती दाम में तो कहने ही क्या। नए साल पर दिल्ली विकास प्राधिकरण दिल्लीवालों के लिए ऐसी ही बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। प्राधिकरण ने 1350 फ्लैट की आवासीय योजना लॉन्च कर दी है। डीडीए के इतिहास में पहली बार आवासीय योजना-2021 पूरी तरह ऑनलाइन है। अधिकारियों का कहना है कि योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रेडिट लिंक सब्सिडी स्कीम से जुड़ी हुई है। इसके तहत 16 फरवरी तक आवेदन लिए जाएंगे। जांच आदि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवासीय योजना की लाटरी खुलेगी। इसके बाद फ्लैट आवंटित किए जा सकेंगे।
एक पोर्टल भी किया तैयार
डीडीए अधिकारियों का कहना है कि डीडीए ने पहली बार अपनी आवासीय योजना की प्रक्रिया पूरी तरह आनलाइन कर रखी है। न केवल आवेदन बल्कि दूसरी सारी प्रक्रियाएं भी आनलाइन मोड में पूरी की जा रही हैं। सिर्फ आवंटन के समय ही लोगों को मौके पर रहना होगा। डीडीए के मुताबिक, कोरोना काल 2020 में डीडीए कोई आवासीय योजना लॉन्च नहीं कर पाया था। अभी खतरा टला नहीं है, इसलिए पूरी प्रकिया ऑनलाइन की जा रही है। इसके लिए एक पोर्टल भी तैयार किया गया है।
इन इलाकों में मिलेंगे फ्लैट
आवासीय योजना-2021 के तहत वसंत कुंज, द्वारका, रोहिणी, जसोला व मंगलपुरी में एचआईजी, एमआईजी और एलआईजी कैटेगरी के फ्लैट्स शामिल होंगे। इसमें से ज्यादातर फ्लैट नए होंगे। पुराने फ्लैट को इनमें शामिल नहीं किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोग डीडीए की वेबसाइट www.dda.org.in पर जाकर जानकारी कर सकते हैं। इसके लिए अपनी आइडी जनरेट करनी होगी। इसके बाद उनका आवेदन कर पाना संभव होगा। फिर, फ्लैटों के विकल्प और साइज चुनेंगे। आखिर में पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा। ड्रॉ के बाद भी अन्य प्रक्रिया ऑनलाइन के जरिए ही होगी।