इंस्टाग्राम पर महिलाओं को पोर्न वीडियो भेजकर उन्हें परेशान करने वाले एक सनकी युवक को उत्तर-पूर्वी जिला की साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान एनआईटी-2, फरीदाबाद निवासी गौरव घेड़ा (19) के रूप में हुई है।
महिलाएं जब इसका विरोध करती थी तो आरोपी उनके साथ गाली-गलौज करता था। यही नहीं आरोपी पीड़िताओं की फोटो को अश्लील साइट पर डालने की धमकी देता था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 30 जून को करावल नगर निवासी एक महिला ने इंस्टाग्राम पर अभद्रता की शिकायत दी थी।
पीड़िता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक युवक उसके इंस्टाग्राम आईडी पर अश्लील वीडियो भेज रहा है। इसके अलावा उसके फोटो पर भद्दे कमेंट कर रहा है। पीड़िता की शिकायत पर करावल नगर थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।