दिल्ली के छावला इलाके में कैब कंपनी का राइडर बन गया स्नैचर। एक युवती को राइड करवाने के दौरान उससे मोबाइल फोन छीनकर भागने लगा। युवती ने बहादुरी दिखाते हुए अन्य लोगों की मदद से आरोपी को दबोच कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव वियारी इटावा यूपी निवासी परमल सिंह के रूप में हुई है। 5 दिसंबर की सुबह एक युवती दामिनी कुमार ने गुरुग्राम से गोयला डेयरी स्टैंड तक आने के लिए ओला कंपनी की बाइक सेवा को बुक किया। दीनपुर पहुंचने पर बाइक चालक ने अपनी बाइक रोक दी। उसने कॉल करने के बहाने युवती से फोन ले लिया और अचानक बाइक की रफ्तार बढाकर वहां से भागने लगा।
युवती ने भाग रहे बाइक चालक का शोर मचाते हुए पीछा किया। यह देखकर आस पास के लोगों ने बाइक चालक को रोक लिया और माजरा समझते ही उसकी धुनाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ पहले से नहीं दर्ज है कोई मामला
पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया है।