घरेलू विवाद में पत्नी पर जानलेवा हमला, गंभीर
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में घरेलू विवाद में एक शख्स ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल सीमा (40) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी दिलदार की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सीमा परिवार के साथ गली नंबर-7, सुंदर नगरी में रहती है। परिवार में पति दिलदार खान, तीन बेटियां व एक बेटा है। दिलदार निजी कंपनी में नौकरी करता है। सीमा की बड़ी बेटी राहिला ने बताया कि उसके पिता को शराब पीने की लत है। मां जब शराब पीने से मना करती है तो पिता उसे पीटता है। झगड़े के कारण दिलदार ने 20 अप्रैल को अपना घर छोड़कर दूसरी जगह कमरा ले लिया था। आरोप है कि शनिवार को सीमा बेटी राहिला के साथ सामान लेने बाजार गई थी। खरीदारी करने के बाद दोनों लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने जबरन उनका रिक्शा रुकवा लिया। सीमा अभी कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने धारदार हथियार निकालकर उसकी कमर पर हमला कर दिया। पुलिस को सूचना देने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले में घायल सीमा को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।