डीसीडब्ल्यू ने पुलिस से हर
तीन दिन में मांगा जवाब
- आश्रम से नौ लड़कियां गायब होने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने दिलशाद गार्डन स्थित संस्कार आश्रम से 9 लड़कियों के लापता होने के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजा है। आयोग ने यह नोटिस अपराध शाखा के जवाब के बाद दिया है। पुलिस से कहा गया है कि हर तीन दिन में जांच की प्रगति रिपोर्ट आयोग को सौंपी जाए। दिसंबर की शुरुआत में इस आश्रम से आधी रात को 9 लड़कियां गायब हो गई थीं। आयोग ने पुलिस की अपराध शाखा को इस मामले में समन भेजकर रिपोर्ट मांगी थी।
आयोग के अनुसार, अपराध शाखा ने बताया कि पुलिस अब तक लड़कियों को ढूंढने में असमर्थ रही है। आयोग ने कड़ी टिप्पणी करते हुए नोटिस भेजा है। आयोग का कहना है कि यह काफी दु:खद है कि अब तक पुलिस लड़कियों की तलाश नहीं कर पाई है। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, लड़कियों के सुरक्षित होने की संभावना धूमिल होती जा रही है। आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि पुलिस को नोटिस भेजकर मामले की हर तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है।