स्कूटी सवार की कुचलने से मौत, लोगों ने ट्रक फूंका
उत्तम नगर में हुआ हादसा
गुस्साए लोगों ने नजफगढ़ रोड पर जाम लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तम नगर में बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। दुर्घटना में स्कूटी चला रहे युवक की मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी और ट्रक को आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत करवाया। उधर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, उत्तम नगर निवासी नितिन (24) ऑफिस के काम से कहीं जा रहा था। नवादा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कुचल दिया। हादसे में नितिन की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा होते ही लोगों की भीड़ देखकर आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। लोगों ने नजफगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए लोगों को शांत करवाने की कोशिश की, लेकिन उनकी सारी कोशिशें बेकार गईं। दो घंटे तक लोगों ने जाम लगाए रखा। अधिकारियों से ट्रक चालक को तत्काल गिरफ्तार करने का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम खोला।