दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बागपत, यूपी में फार्मासिस्ट डाक्टर सुरेन्द्र की पांच अक्तूबर को दिनदहाड़े हुई हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बेइज्जती की बदला लेने के लिए फार्मासिस्ट की हत्या की थी।
गिरफ्तार आरोपी पंकज के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, रॉबरी व दंगे आदि के 30 से ज्यादा मामला दर्ज हैं और दिल्ली, यूपी व उत्तराखंड पुलिस उसे नौ बार से ज्यादा जेल भेज चुकी है। इसके पास से कट्टा व दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार के अनुसार गांव बाली निवासी डॉ सुरेंद्र सिंह(42) दिल्ली के एक डिस्पेंसरी में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। वह पांच अक्तूबर को रात करीब 8.45 बजे अपने गांव में तीन साथियों के साथ घूमने निकले थे। गांव के बाहरी इलाके के पास चार लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं।
इससे गांव में भगदड़ मच गई। गांव के एक किसान ने हिम्मत दिखाते हुए अपने घर से लाइसेंसी बंदूक लाकर फरार हमलावरों पर फायरिंग कर दी थी। परिजनों ने सुरेंद्र सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बागपत थाने में मामला दर्ज किया गया था।