नई दिल्ली। आदर्श नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर एक कारोबारी से स्कूटी लूट ली। स्कूटी में दो लाख रुपये थे। कारोबारी की शिकायत पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित कारोबारी केबल पार्क निवासी प्रमोद कश्यप हैं। उनका आजादपुर मंडी के पास शादियों व पार्टी में इस्तेमाल होेने वाले बर्तनों का कारोबार है। प्रमोद ने पुलिस को बताया कि वह दुकान बंद करके स्कूटी पर अपने घर जा रहे थे। केबल पार्क एक्सटेंशन के पास पहुंचते ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और स्कूटी लेकर भाग गए। कारोबारी ने बताया कि स्कूटी में दो लाख रुपये थे। छानबीन के दौरान पुलिस ने कारोबारी की दुकान से लेकर घटनास्थल के पास तक लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में ले लिए।