नई दिल्ली। अदालत ने बॉलीवुड गायक और अभिनेता हनी सिंह के पत्नी द्वारा दायर घरेलू हिंसा मामले में पेश होने के बजाय चिकित्सा रिपोर्ट पेश करने पर कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने हनी सिंह के पेश न होने पर हैरानी जताते हुए कहा कि वह मामले को हल्केपन से ले रहे हैं।
अदालत ने स्पष्ट किया कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। अदालत ने हनी सिंह को 3 सितंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। वहीं हनी सिंह की पत्नी शालिनी सुनवाई के दौरान भावुक हो गईं व उनकी आंखों से आंसू आने लगे।
हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार द्वारा दायर घरेलू हिंसा के मामले की सुनवाई मैट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह कर रही हैं। सुनवाई के दौरान हनी सिंह अदालत में पेश नहीं हुए और उनके वकील ने चिकित्सा आधार पर हनी सिंह की व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट मांगी।
अदालत ने उनके रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए हनी सिंह के वकील से कहा न तो हनी सिंह हाजिर हुए न ही आपने उनका आय हलफनामा दाखिल किया है। जिरह के लिए भी तैयार नहीं हैं। अदालत ने हनी सिंह को तीन सितंबर को पूरी जानकारी के साथ पेश होने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि वे पुन: ऐसा न करें।
अदालत ने इसे पहले दायर शिकायत पर दिए अंतरिम आदेश में हनी सिंह को पत्नी के साथ अपनी संयुक्त स्वामित्व वाली संपत्ति, उनकी पत्नी के स्वामित्व वाले स्त्रीधन धन आदि को बेचने या निस्तारण पर रोक लगा दी थी।
हनी सिंह के वकील ईशान मुखर्जी ने अदालत को बताया कि याची पहले ही आभूषण सहित सभी कीमती सामान अपने साथ ले जा चुकी हैं। वह अपने ससुराल वालों के साथ नोएडा के मकान में 15 दिन में रहने आ सकती हैं। उन्होंने कहा हम उन्हें साथ रखने के लिए तैयार हैं, हम एक दीवार बना देंगे। उन्होंने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल के पास करीब चार करोड़ रुपये की दो संपत्तियां हैं, जिनमें से एक करोड़ रुपये मूल्य वाली एक संपत्ति शालिनी तलवार के नाम है।