नई दिल्ली जिले की नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने अजय मिश्रा को धमकी भरे कॉल करने के मामले में नोएडा निवासी कबीर वर्मा, अमित कुमार, अमित काला, निशांत और सिरसपुर, दिल्ली निवासी अश्विनी को गिरफ्तार किया था।
केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्रा उर्फ टेनी को ब्लैकमेल करने के मामले में कोर्ट ने आरोपियों के आवाज के नमूने लेने की अनुमति दे दी है। दिल्ली पुलिस आरोपियों को फिर से जल्द ही रिमांड पर लेकर आएगी। पुलिस की जांच में ये बात सामने आई है कि अमित काला ने केंद्रीय मंत्री को सबसे ज्यादा धमकी भरे कॉल किए थे।
विज्ञापन
गौरतलब है कि नई दिल्ली जिले की नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने अजय मिश्रा को धमकी भरे कॉल करने के मामले में नोएडा निवासी कबीर वर्मा, अमित कुमार, अमित काला, निशांत और सिरसपुर, दिल्ली निवासी अश्विनी को गिरफ्तार किया था। पुलिस की जांच में ये बात सामने आई है कि केंद्रीय मंत्री को धमकी भरे सबसे ज्यादा कॉल करीब 80 फीसदी अमित काला ने किए थे। निशांत व प्रभात ने तीन से चार कॉल किए थे। आरोपियों ने पहला धमकी भरा फोन 17 दिसंबर को किया था और 23 दिसंबर तक लगातार कॉल करते रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पटियाला कोर्ट ने आरोपियों के आवाज के नमूने लेने की अनुमति दे दी है। पुलिस पांच आरोपियों के आवाज के नमूने लेगी। आवाज के इन नमूनों को आरोपियों के धमकी भरे कॉल की रिकार्डिंग से मिलाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने आरोपियों ने जो धमकी भरे कॉल किए थे उन सभी की रिकॉर्डिंग कर ली थी। दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय मंत्री के मोबाइल को जब्त कर लिया है।
विज्ञापन
दूसरी तरफ फरार छठे आरोपी प्रभात को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की टीमें दिल्ली-एनसीआर में कई जगह दबिश दे रही हैं। प्रभात नोएडा का रहने वाला है और उसने भी केंद्रीय मंत्री को धमकी भरे कॉल किए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रभात की गिरफ्तारी के बाद कुछ चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।