मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर द्वारका सेक्टर-25 तक विस्तार में थोड़ी देरी हो सकती है। इंडिया इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर तक मेट्रो के विस्तार के लिए निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के बाद करीब दो किलोमीटर के दायरे में ट्रैक बिछाया जाना है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मार्च तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। विस्तार के बाद एयरपोर्ट एक्सप्रेस और ब्लू लाइन के यात्रियों को सेक्टर-21 से आगे कंवेंशन सेंटर तक मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी।
डीएमआरसी ने केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित कंवेंशन सेंटर के निर्माण को देखते हुए विस्तार की दिशा में पहल की। कोरोना महामारी काल में पिछले साल कार्य प्रभावित हुआ। कंवेंशन सेंटर की शुरुआत होने से पहले मेट्रो लाइन का विस्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए डीएमआरसी की तरफ से सिविल कंस्ट्रक्शन का काम पूरा कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक बिछाने की शुरुआत की जाएगी।
कंवेंशन सेंटर तक मेट्रो की पहुंच से यात्रियों को द्वारका सेक्टर-21 से आगे के लिए भी मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और ब्लू लाइन पर यात्रियों को सेक्टर-21 तक ही मेट्रो की सुविधा है। एयरपोर्ट लाइन के विस्तार के बाद यात्रियों की संख्या में इजाफा होने पर ट्रेनों की कमी न रहे इसे ध्यान में रखते हुए इस लाइन पर नई कोच भी लगाई जाएंगी। इसके लिए डीएमआरसी 24 नए कोच के लिए टेंडर कर चुका है।
उद्योग और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से द्वारका के सेक्टर-25 में इंडिया इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए सेंटर में स्टेशन का भी निर्माण किया जा रहा है, जो भूमिगत होगा। मेट्रो के विस्तार से देश-विदेश से व्यापारिक गतिविधियों के लिए आने जाने वालों की सहूलियत होंगी।
आधुनिक सुविधाओं का मिलेगा लाभ
करीब 2 किलोमीटर के दायरे में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के विस्तार के बाद यात्रियों को इसी लाइन की तर्ज पर मेट्रो में तमाम आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। कंवेंशन सेंटर के अंदर मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से अंडरग्राउंड होगा। इसके आसपास के इलाकों में रहने वालों को भी दिल्ली के कनॉट प्लेस, शिवाजी स्टेडियम सहित नोएडा और वैशाली के लिए भी ब्लू लाइन से सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। फिलहाल मेट्रो की एयरपोर्ट लाइन का विस्तार होने के बाद यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए मेट्रो के परिचालन के वक्त में भी जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इससे गुरुग्राम जाने के लिए भी यात्रियों को दूसरे परिवहन विकल्पों को अपनाने में सहूलियत होगी। स्टेशन पर प्रवेश और निकास के लिए पांच गेट बनाए जाएंगे।
साल के अंत तक मिलेगी एनसीएमसी की सुविधा
यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए डीएमआरसी की ओर से साल के अंत तक नेेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सुविधा देने के लिए भी स्टेशन और सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को किसी भी रुपे डेबिट, क्रेडिट कार्ड, मेट्रो कार्ड से मेट्रो में सफर का मौका मिल सकेगा। एनसीएमसी की शुरुआत होने पर कार्ड का इस्तेमाल बस, मॉल्स, पार्किंग सहित दूसरी जगहों पर भी किया जा सकेगा।