ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने जन-सामान्य को अनावश्यक भय और जमाखोरी जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी है। डॉ. गुलेरिया ने एक वीडियो संदेश में ओमिक्रॉन को लेकर स्थिति भी स्पष्ट की है।
वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, ओमिक्रॉन एक हलका संक्रमण है। इसमें ऑक्सीजन की आवश्यकता इतनी अधिक नहीं हो सकती। मैं सभी से ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाओं की जमाखोरी से बचने का अनुरोध करूंगा। हम एक राष्ट्र के रूप में इन मामलों में किसी भी उछाल की स्थिति का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार हैं।
एक वीडियो संदेश में डॉ. गुलेरिया ने कहा कि हम व्यक्तिगत प्रतिरक्षा के दृष्टिकोण से भी तैयार हैं। हममें से बड़ी संख्या में लोगों को या तो टीकाकरण के कारण या प्राकृतिक संक्रमण के कारण प्रतिरक्षा मिली है। घबराएं नहीं, बस सतर्क रहें।
गुलेरिया के अलावा फोर्टिस, फरीदाबाद के डॉ. रवि शेखर झा का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से ओमाइक्रोन के मामलों में उछाल आया है। इसकी इंफेक्शन रेट डेल्टा वेरिएंट से ज्यादा है। अभी तक इसके लक्षण ज्यादातर हल्के ही होते हैं। इसके लिए किसी विशिष्ट एंटीवायरल, स्टेरॉयड की आवश्यकता नहीं होती।