नई दिल्ली। राजधानी में कोविड के बढ़ते मामलों के बीच सभी बार बंद कर दिए हैं और रेस्तरां में भी बैठकर खाने की सुविधा नहीं मिलेगी। खाना पैक करवाकर घर ले जाया जा सकता है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की सोमवार को आयोजित बैठक में इसका फैसला लिया गया। हालात की समीक्षा के बाद तय किया गया कि अभी लॉकडाउन लगाने का वक्त नहीं है। इसकी जगह कोविड प्रोटोकाल को सख्ती से लागू करने की हिदायत सभी संबंधित एजेसियों को दी गई। बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि दिल्ली में लगाई पाबंदियों को समूचे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लागू करना चाहिए। मेट्रो व बसें पहले की तरह 100 फीसदी की क्षमता पर चलती रहेंगी।
उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में आयोजित डीडीएमए की वर्चुअल बैठक में टेस्टिंग, पॉजिटिविटी रेट, हॉस्पिटल की स्थिति, टीकाकरण, होम आइसोलेशन जैसे मसलों पर चर्चा हुई। इसके बाद तय किया गया कि कोविड प्रोटोकाल को सख्ती से लागू करने के साथ टेस्ट, ट्रैक व ट्रीट की रणनीति पर काम करना है। संक्रमण दर में तेजी से बढ़ोतरी को देखते हुए फैसला किया कि अब बार बंद किए जा रहे हैं। रेस्तरां से भी सिर्फ खाना पैक करवाकर ले जाने की सुविधा होगी। वहीं, कोविड प्रोटोकॉल के साथ हर जोन में एक साप्ताहिक बाजार खोलने की इजाजत होगी। सभी संबंधित विभागों को उपराज्यपाल ने सख्त हिदायत दी कि वह सुनिश्चित करें कि कोविड प्रोटोकॉल सही तरीके से लागू किया जाए। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनके कैबिनेट सहयोगी, केंद्र सरकार के प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी व विशेषज्ञ मौजूद रहे।
वैक्सीनेशन के लिए बढ़ेगी सुविधा
उपराज्यपाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहा कि वह 15-18 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों के साथ पर्याप्त इंतजाम रखें ताकि किसी को भी टीका लगवाने में दिक्कत न आए। वहीं, किसी भी तरह का पैनिक फैलने से रोकने के लिए सकारात्मक तरीके से जागरूकता अभियान चलाएं।