पुलिस के मुताबिक, डॉ. हेमंत परिवार के साथ नजफगढ़ इलाके में रहते हैं। करीब छह माह पूर्व इनकी शादी हुई है। करीब डेढ़ साल से हेमंत राव तुलाराम अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट की नौकरी कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी इमरजेंसी में नाइट ड्यूटी चल रही थी।
द्वारका जिले के जाफरपुर कला थाने से सटे राव तुलाराम अस्पताल के डॉक्टर को गोली मारने के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
उधर, वारदात में जख्मी हुए डॉक्टर हेमंत मुद्गल (27) की हालत नाजुक बनी हुई है। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने डॉ. हेमंत की कार जाफर कला गांव में ही खेतों के बीच लावारिस हालत में बरामद कर ली। गाड़ी आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। अस्पताल के नजदीकी ही बदमाशों की एक पिस्टल भी पुलिस को मिली है। डॉ. हेमंत पर हमला कार लूटने के दौरान हुआ या किसी रंजिश के तहत उनको गोली मारी गई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, डॉ. हेमंत परिवार के साथ नजफगढ़ इलाके में रहते हैं। करीब छह माह पूर्व इनकी शादी हुई है। करीब डेढ़ साल से हेमंत राव तुलाराम अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट की नौकरी कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी इमरजेंसी में नाइट ड्यूटी चल रही थी। सोमवार रात करीब 9.00 बजे वह ड्यूटी के लिए अस्पताल आ रहे थे। इस बीच गेट नंबर-1 के पास अस्पताल के गेट पर ही कार रोककर वह चाय पीने लगे। चाय पीने के बाद वह कार में सवार हो ही रहे थे कि अचानक दो युवक जबरन उनकी कार में सवार हो गए। एक कार की अगली सीट और एक पिछले सीट पर बैठने लगा।
विज्ञापन
सिर की ओर गोली चला दी
हेमंत ने खतरा भांपकर एकदम कार चला दी तो पीछे वाला युवक कार से बाहर ही गिर गया। हेमंत कार लेकर अस्पताल परिसर में घुस गए। हेमंत के बराबर वाली सीट पर बैठे बदमाश ने एकदम पिस्टल निकाली और उसके सिर की ओर गोली चला दी। गोली हेमंत के जबड़े को तोड़ती हुई मुंह से बाहर निकल गई। इसके बाद भी हेमंत ने कार नहीं रोकी। वह अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर खुद ही पहुंचे और गेट में घुस गए।
गेट को तोड़ता हुआ भाग गया बदमाश
बदमाश चालक वाली सीट पर बैठा और कार लेकर अस्पताल के अंदर की ओर ही भागा। इस बीच अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड अलर्ट हो गए। उन्होंने गेट बंद कर दिए। बदमाश गेट नंबर एक को तोड़ता हुआ जाफरपुर गांव की ओर भाग गया। दूसरा बदमाश पहले ही फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। हालत बिगड़ने पर बेहतर इलाज के लिए हेमंत को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस ने अस्पताल के गेट के पास ही वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है। घटना के कुछ ही देर बाद कार भी अस्पताल से करीब 500 मीटर दूर गांव में सरसों के खेत के पास से बरामद हो गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। उसके दोनों एयर बैग भी खुले थे। पुलिस आशंका जता रही है कि कार लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। गाड़ी खराब होकर बंद हुई तो वह उसे बीच खेतों में छोड़कर फरार हो गए। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।