फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में अगले माह की शुरुआत में फिर बरसेंगे बादल, दो दिन तक नहीं मिलेगी गर्मी से राहत

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। पिछले दिनों लगातार बारिश के बाद अब दिल्ली-एनसीआर में सूरज के कड़े तेवर बने हुए हैं। यही वजह है कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दो दिन तक लोगों को सूरज की तपिश से राहत नहीं मिलेगी और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अक्तूबर की पहली तारीख से मौसम करवट लेगा। इसके बाद ही राहत की उम्मीद है।
विज्ञापन

मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना जताई थी, लेकिन सुबह से ही सूरज देवता के तेवर कड़े रहे। दिनभर कड़ी धूप के कारण घरों से बाहर निकले लोग चिलचिलाती धूप से बचते नजर आए। शाम होने पर भी वातावरण में अधिक उमस महसूस की गई।
स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब वाली स्थिति बन रही है, जो छत्तीसगढ़ होते हुए इस समय महाराष्ट्र के ऊपर पहुंच गई है। वहीं, यहां के बाद यह गुजरात में पहुंचेगी, जिससे वहां बारिश के अच्छे आसार बन रहे हैं। हालांकि, इस बीच दिल्ली में भी बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश नहीं होगी। अक्तूबर की शुरुआत के दो दिन में दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में सितंबर में 413 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो 1944 के रिकॉर्ड 417.3 मिमी से सिर्फ तीन मिमी कम है।
विज्ञापन

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 35.7 व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 62 से 89 फीसदी रहा। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दो दिन तक गर्मी की तपिश के बाद एक अक्तूबर से मौसम करवट लेगा और हल्की बारिश से महीने की शुरुआत होगी।
बिगड़ने लगा दिल्ली-एनसीआर की हवा स्तर, मुख्यमंत्री ने किया ट्वीट
बदलते मौसम के साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा स्तर भी बिगड़ने लगा है। बीते 24 घंटे में हवा का स्तर औसत श्रेणी में दर्ज किया गया है। अगले दो दिन भी वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना नहीं है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को वायु गुणवत्ता के आंकड़ों के साथ ट्वीट किया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 120 दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद का 119, गाजियाबाद का 120, ग्रेटर नोएडा का 159, गुरुग्राम का 153 व नोएडा का 107 रहा। सफर इंडिया के अनुसार, मौसम के शुष्क होने की वजह से प्रदूषण के स्तर पर प्रभाव पड़ रहा है। बारिश न होने के कारण सड़क से उड़ने वाली धूल प्रदूषण का कारण बनी हुई है। अगले दो दिन हवा की गुणवत्ता में बदलाव नहीं आने की संभावना है। बारिश होने की स्थिति में हवा के स्तर में कुछ सुधार हो सकता है। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम10 का स्तर 104 व पीएम2.5 का स्तर 53 माइक्रोग्राम प्रतिघनमीटर दर्ज किया गया। पीएम10 का स्तर 100 से कम व पीएम2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित श्रेणी में माना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें