नेपाल के रहने वाले चार नागरिक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चांदनी चौक के लहंगा बाजार में पहली मंजिल पर स्थित दुकान में चोरी करने के लिए आरोपियों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी दुकान तक पहुंचने के लिए पहले पेड़ पर चढ़े और फिर पहली मंजिल पर पहुंचकर शटर व ताले तोड़ दिए। इसके बाद दुकान से नकदी और लहंगे चोरी कर भाग गए। कोतवाली थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जांच के आधार पर नेपाल के चार नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान शेर बहादुर, नरेंद्र, ज्ञानेंद्र और भीम बहादुर के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया एक लहंगा, आठ हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल रॉड बरामद की गई हैं।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि नौ नवंबर की रात एक से डेढ़ बजे के बीच मुख्य चांदनी चौक रोड स्थित कटरा झज्जर के लहंगा बाजार में अनिल कुमार की पहली मंजिल पर स्थित दुकान में चोरी हुई थी। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने दुकान से 1.27 लाख रुपये और कुछ लहंगे चोरी किए। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। निरीक्षक कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के जरिये पता चला कि वारदात को पांच बदमाशों ने अंजाम दिया है। 14 नवंबर को पुलिस ने दिल्ली के छतरपुर से तीन और गुरुग्राम से एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार कर लिया।
नशे की लत पूरी करने के लिए करने लगे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नशीले पदार्थों और शराब पीने के आदी हैं। अपनी लत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ज्ञानेंद्र 2011 से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के चार मामलों में शामिल है। पुलिस नकदी की बरामदगी और भागे हुए एक आरोपी जनक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।