कोरोना के नियमों का पालन करवाने के नाम पर उगाही का धंधा चल रहा है। गाजीपुर थाना पुलिस ने उगाही के मामले में दिल्ली सिविल डिफेंस के एक कर्मी को गिरफ्तार किया है। एक पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ गाजीपुर थाने में उगाही की शिकायत की थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है जिसमें पेटीएम के जरिए कई लोगों से उगाही के साक्ष्य मिले हैं। जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि आरोपी की पहचान मंडावली निवासी श्याम सुंदर(23) के रूप में हुई है। आरोपी इसी साल मार्च माह में सिविल डिफेंस में भर्ती हुआ था।
दो अगस्त को फरीदाबाद हरियाणा निवासी रविंद्र पांडे ने अपनी शिकायत में बताया कि वह गोरखपुर से अपने परिवार के साथ कार से फरीदाबाद जा रहे थे। गाजीपुर के पास उसे दिल्ली सिविल डिफेंस कर्मी ने रोका और कार में सवार पांच सदस्यों का मास्क नहीं पहनने का चालान करने की धमकी दी।
चालान की राशि दस हजार की थी। फिर सौदा एक हजार में तय हुआ। आरोपी ने पेटीएम के जरिए उससे एक हजार रुपये ले लिए लेकिन उसने चालान की कॉपी नहीं दी।