बाइक बोट की तर्ज पर शुरू हुई गो-वे कंपनी के संचालक दंपती समेत 5 के खिलाफ बीटा-2 थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। इस बार गाजियाबाद निवासी रोहित ने कंपनी मालिक अनिल और उसकी पत्नी मीनू सेन के अलावा कुणाल सेन, मनीष सेन और भूप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इस बार दो नए आरोपियों के नाम पहली बार सामने आए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक बार फिर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयासशुरू किए हैं।
गाजियाबाद वसुंधरा निवासी रोहित ने दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि गो-वे कंपनी में उन्होंने 3.10 लाख रुपये निवेश किए थे। आरोप हैै कि कंपनी ने एक साल में धन लगभग दोगुना करने का झांसा देकर निवेश कराया था। कंपनी ने इलेक्ट्रॉनिक बाइक चलवाने का झांसा देकर ठगी की थी। कुछ समय बाद कंपनी मालिक अनिल व उसकी पत्नी मीनू सेन साइट-4 स्थित कार्यालय पर ताला लगाकर फरार हो गए।
रोहित का आरोप है कि दंपती के अलावा कुणाल सेन, मनीष सेन व भूप सिंह भी उनके धोखाधड़ी में शामिल रहे हैं। बता दें कि मनीष व भूप सिंह के नाम इस गोरखधंधे में पहली बार सामने आया है। आरोपी दंपती पुलिस को चकमा देकर फरार हैं। कुछ दिन पहले निवेशकों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। उनका कहना था कि आरोपियों पर 20 से अधिक केस दर्ज हैं। इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई। सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।