कई साल से घाटे में चल रही गुरुग्राम रैपिड मेट्रो की कमान संभालने के लिए डीएमआरसी तैयार है। रैपिड मेट्रो के बंद होने की संभावना बढ़ने पर इस मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशानुसार डीएमआरसी को रैपिड रेल का ऑपरेशन और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी मिलने वाली है। रैपिड रेल का संचालन मिलने के बाद डीएमआरसी का कार्यभार बढ़ जाएगा और इसके सफल संचालन के लिए डीएमआरसी पहले से योजना तैयार कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले महीने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने रैपिड रेल के संचालन को लेकर रैपिड मेट्रो रेल गुरुग्राम साउथ लिमिटेड (आरएमआरजीएसएल) को आदेश दिया था कि 16 अक्तूबर तक डीएमआरसी को रैपिड मेट्रो की कमान सौंपी जाए। रैपिड मेट्रो के संचालन और मेंटेनेंस को डीएमआरसी को सौंपे जाने की जिम्मेदारी हाईकोर्ट के दो न्यायाधीशों को सौंपी गई। हालांकि फिलहाल रैपिड रेल की जिम्मेदारी फिलहाल डीएमआरसी को नहीं सौंपी गई है, लेकिन 16 अक्तूबर तक या उसके बाद कभी भी डीएमआरसी को जिम्मेदारी मिल सकती है। चूंकि 16 अक्तूबर की समयावधि 10 दिन में पूरी होने वाली है।
हरियाणा सरकार और डीएमआरसी के बीच हुएकरार की शर्तों के तहत डीएमआरसी रैपिड मेट्रो का संचालन करेगी। डीएमआरसी सूत्रों के मुताबिक, रैपिड रेल के संचालन की जिम्मेदारी न्यायिक प्रक्रिया के तहत पूरी होनी है और जब भी डीएमआरसी को इसकी कमान सौंपी जाएगी, तभी से डीएमआरसी इस लाइन का संचालन शुरू कर देगी।
डीएमआरसी, रैपिड रेल के संचालन को लेकर बढ़ने वाली जिम्मेदारी से निपटने के लिए योजना तैयार कर रही है। इस योजना के तहत यह निर्धारित किया जा रहा है कि यात्रियों की सहूलियत के लिए किन मानदंडों पर मेट्रो का संचालन किया जाएगा। ज्ञात हुआ है कि रैपिड मेट्रो के संचालन के लिए शुरुआती दौर में रैपिड मेट्रो के पुराने स्टाफ को ही ट्रेनों के संचालन के लिए तैनात किया जा सकता है।
दिल्ली मेट्रो के यात्री भी उठाते हैं फायदा
गुरुग्राम रैपिड मेट्रो वर्तमान में सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के साथ इंटरचेंज करती है। इस रैपिड मेट्रो का लाभ दिल्ली मेट्रो के यात्री भी उठाते हैं। रैपिड मेट्रो की कुल लंबाई 11.7 किलोमीटर है, जबकि इस रूट पर 11 मेट्रो स्टेशन हैं। यह भी दिल्ली मेट्रो की तरह की स्टैंडर्ड गेज मेट्रो प्रणाली है। इस लाइन के सभी मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से एलिवेडेट हैं। रैपिड रेल पर यात्रियों की सहूलियत को बढ़ाने के लिए डीएमआरसी के स्मार्ट ट्रैवल कार्ड्स को रैपिड रेल नेटवर्क पर लागू किया जा सकता है।
रैपिड रेल नेटवर्क पर हैं दो फेज
फेज-1 के स्टेशन
रैपिड मेट्रो नेटवर्क के फेज-1 में कुल 6 स्टेशन हैं। इनमें सिकंदरपुर, फेज-2, बेल्वेडेर टावर्स, इंडसलैंड बैंक साइबर सिटी, मौलसरी ऐवेन्यू और फेज-3 शामिल हैं।
फेज-2 के स्टेशन
दूसरे फेज में कुल पांच स्टेशन हैं। इनमें फेज-1, सेक्टर-42/43, सेक्टर-53/54, सेक्टर-54 चौक और सेक्टर-55/56 शामिल हैं।