उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में सोमवार सुबह घर के बाहर खेल रहे मासूम को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। फौरन मासूम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त आकाश डेढ़ साल के रूप में हुई है। पुलिस अर्टिगा कार को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आकाश परिवार के साथ गली नंबर-10, दीवानी अस्पताल के नजदीक संगम विहार, वजीराबाद में रहता था। परिवार में पिता संजीत कुमार, मां व अन्य सदस्य हैं। संजीत प्राइवेट नौकरी करता है। सोमवार सुबह खेलते समय आकाश घर से बाहर चला गया। वह सड़क पर खेल रहा था। इस बीच करीब 8.15 बजे काले रंग की अर्टिगा कार ने आकाश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आकाश बुरी तरह जख्मी हो गया।