दिवाली के शुभ अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पाकिस्तानी रेंजर्स ने अटारी-वाघा बॉर्डर पर मिठाइयों का आदान-प्रदान कर शांति की अपील की। एलओसी पर भी भारतीय सेना और पाकिस्तानी सेना ने एक दूसरे को मिठाई दी।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ करवाने की साजिशों के बीच भारत ने पाकिस्तान को दोस्ती का संदेश भेजा है। भारत ने यह संदेश बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की ओर से पाक रेंजर्स को दिवाली की संध्या पर मिठाई भेंट कर दिया है।
विज्ञापन
सीमा पर ईद, होली, गणतंत्र दिवस और दिवाली के मौकों पर बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच मिठाई और फलों का आदान-प्रदान करने की परंपरा है। इन दिनों जहां बीएसएफ और पाक रेंजर्स के अधिकारी एक-दूसरे के गले मिल कर बधाई देते हैं और साथ ही इन मौकों पर एक-दूसरे को मिठाई भी भेंट करते हैं। इसके लिए अटारी-वाघा सीमा जीरो लाइन पर बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच कुछ पलों का मिलन कार्यक्रम होता है।
दिवाली पर गुरुवार को करीब तीन बजे अटारी-वाघा सीमा के अंतरराष्ट्रीय गेट कुछ पलों के लिए खोले गए। अटारी पर तैनात बीएसएफ के कार्यकारी कमांडेंट अनंत राम अपने अधिकारियों के साथ जीरो लाइन पर पहुंचे। दूसरी ओर से पाक रेंजर्स के कमांडर भी अपने अधिकारियों के साथ जीरो लाइन पर पहुंचे। बीएसएफ के कमांडेंट ने पाक कमांडर को मिठाई भेंट की और पाक रेंजर्स के कमांडर ने भी बीएसएफ के कमांडेंट को दिवाली के अवसर पर बधाई दी।