गणतंत्र दिवस समारोह के तहत आज शाम को होने वाली बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी से जनपथ, संसद भवन, राजपथ व इंडिया गेट के आसपास के मार्ग प्रभावित रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से कुछ मार्गों को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
यातायात विभाग के संयुक्त आयुक्त विवेक किशोर ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के तहत 29 जनवरी को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह आयोजित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन में बीटिंग रिट्रीट समारोह और रोशनी की व्यापक व्यवस्था की है।
समारोह के चलते 29 जनवरी की दोपहर दो बजे से रात साढ़े नौ बजे के बीच विजय चौक आम यातायात के लिए बंद रहेगा। साथ ही सुनहरी मस्जिद, रायसीना रोड, कृषि भवन से विजय चौक की ओर, दारा शिकोह रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और सुनहरी मस्जिद से विजय चौक की ओर तथा विजय चौक से सी हेक्सागन के बीच राजपथ की ओर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान आम वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों जैसे रिंग रोड, अरबिंदो मार्ग, रिज रोड, मदर टेरेसा टी प्वाइंट, सफदर जंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड, मिंटो रोड आदि मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मेट्रो स्टेशन के गेट बंद रहेंगे
सुरक्षा की दृष्टि से उद्योग भवन, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट दोपहर दो बजे से शाम साढ़े छह बजे तक बंद रहेंगे। बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए आने वाले लोग विजय और रफी मार्ग के बीच वाटर चैनल के पास व सी हेक्सागन मार्ग के पास वाहनों की पार्किंग कर सकेंगे। इस बार बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी में दर्शकों की संख्या को भी कोरोना महामारी को देखते हुए सीमित किया गया है, मगर सुरक्षा के बंदोबस्त पूरी तरह चाक-चौबंद किए गए हैं। लोग कड़ी सुरक्षा के बाद ही रिट्रीट सेरेमनी के लिए आयोजित स्थल पर पहुंच सकेंगे। कोई भी व्यक्ति बिना निमंत्रण पत्र के नहीं पहुंच सकेगा।
बसों के रूट में फेरबदल : यहां इन रास्तों को अपनाना ही बेहतर
समारोह की वजह से दोपहर दो बजे से रात साढ़े नौ बजे के बीच बसों के रूट में फेरबदल किया गया है। शांति पथ, विनय मार्ग, सरदार पटेल मार्ग से केंद्रीय सचिवालय और कनॉट प्लेस के लिए जाने वाली बसें पंचशील मार्ग, साइमन बोलिवर मार्ग, वंदेमातरम मार्ग, शंकर रोड, शेख मुजीबुर रहमान रोड से जाएंगी। केंद्रीय सचिवालय के लिए जाने वाली बसें उद्यान मार्ग पर खत्म होंगी और काली बाड़ी मार्ग, मंदिर मार्ग, शंकर रोड होते हुए वापस आएंगी। कनॉट प्लेस जाने वाली बसें मंदिर मार्ग, काली बाड़ी मार्ग, जीपीओ, बाबा खड़क सिंह मार्ग होकर कनॉट प्लेस पहुंचेंगी और भगत सिंह मार्ग, पेशवा रोड, मंदिर मार्ग, शंकर रोड और वंदे मातरम मार्ग होते हुए वापस आएंगी।
दक्षिणी दिल्ली से तुगलक रोड होते हुए कनॉट प्लेस और केंद्रीय सचिवालय के लिए जाने वाली बसों को अरबिंदो चौक से सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, साइमन बोलिवर मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। मंडी हाउस और फिरोज शाह रोड पर आने वाली और बाराखंभा रोड के रास्ते कनॉट प्लेस जाने वाली बसें शिवाजी स्टेडियम पर खत्म होंगी और कस्तूरबा गांधी मार्ग और बाराखंभा रोड के रास्ते वापस आ जाएंगी। शाहजहां रोड पर आने वाली व कनॉट प्लेस जाने वाली बसें अरबिंदो चौक, सफदरजंग रोड, कमल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग से होते हुए शिवाजी स्टेडियम के लिए रवाना होंगी।
दक्षिण की ओर से यह व्यवस्था
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के लिए दक्षिण की ओर से आने वाली बसें रिंग रोड से एम्स से धौला कुआं और फिर रिज रोड, रानी झांसी रोड से जाएंगी। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला और आईएसबीटी कश्मीरी गेट से आश्रम की ओर से आने वाली बसें आश्रम चौक, रिंग रोड से सराय काले खां की ओर जाएंगी और राजघाट होते हुए आगे जाएंगी। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला, कश्मीरी गेट से दक्षिण और दक्षिण पूर्व की ओर जाने वाली बसें दिल्ली गेट, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, राजघाट, रिंग रोड, सराय काले खां-आश्रम चौक जाएंगी। विकास मार्ग से दक्षिण की ओर आने वाली बसें रिंग रोड-सराय काले खां-आश्रम चौक जाएंगी। वहीं कनॉट प्लेस से कस्तूरबा गांधी मार्ग होते हुए इंडिया गेट की ओर आने वाली बसें मिंटो रोड, डीडीयू मार्ग, आईपी फ्लाईओवर, रिंग रोड और सराय काले खां से जाएंगी।